March 7, 2026

विश्व हिंदी दिवस पर जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 14 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें हिंदी के शैक्षणिक व सामाजिक योगदान से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत हिंदी के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को हिंदी की वर्तमान स्थिति, रोजगार की संभावनाओं और वैश्विक स्तर पर इसकी भूमिका से अवगत कराया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ममता कुमारी के संयोजन में किया गया। डॉ. योगेश और देवदत्त शर्मा ने भी आयोजन की देखरेख में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्रों के प्रयासों की सराहना की गई और हिंदी भाषा के संरक्षण व संवर्धन का संदेश दिया गया।