March 7, 2026

राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रेरणादायी कार्यक्रम का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, फरीदाबाद द्वारा युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से सेक्टर-10 स्थित राजस्थान भवन में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता आर.पी. नागर रहे। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके सिद्धांतों को अपनाकर युवा स्वयं के साथ-साथ राष्ट्र का भविष्य भी संवार सकते हैं।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी कोमल, लेखा सहायक राजेंद्र शर्मा सहित कई स्वयंसेवक एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित बनाना रहा। अंत में युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।