Faridabad/Alive News : आयुष सिन्हा, उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन तथा सचिव बिजेंद्र सौरोत के नेतृत्व में जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद द्वारा निरंतर विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है।
रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत निःशुल्क इलाज, दवाइयों का वितरण, कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, स्वास्थ्य जांच एवं मापन शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा आपदा राहत कार्यों में भोजन, कपड़े और कंबल का वितरण, शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा व स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम, तथा आर्थिक सहायता के रूप में आपातकालीन मदद प्रदान की जाती है। ये सभी सेवाएं भेदभाव रहित हैं और जीवन बचाने व समुदाय को सशक्त बनाने पर केंद्रित हैं।
इन जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन हेतु समय-समय पर दानदाताओं द्वारा धनराशि देकर सहयोग किया जाता है। इसी कड़ी में आज फरीदाबाद ऑफिसर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, फरीदाबाद के पदाधिकारी सुधीर चौहान एवं ललित कुमार ने उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रॉस सोसायटी को रेडक्रॉस अस्पताल के कल्याण अनुभाग में गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के कल्याण के लिए दो लाख रुपये का चेक सौंपा।
उपायुक्त एवं रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने इस सहयोग के लिए दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे योगदान से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में और मजबूती मिलती है।

