Faridabad/Alive News : साढौरा थाना क्षेत्र के गांव श्यामपुर में सरपंच की पत्नी बलजिन्द्र कौर की हत्या के मामले में अपराध शाखा-2 यमुनानगर ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतका के बेटे गोमित राठी ने अपने साथी पंकज के साथ मिलकर की थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर 2025 की रात गांव श्यामपुर से बलजिन्द्र कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कमलदीप गोयल ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। अपराध शाखा-2 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं।
जांच में पता चला कि बलजिन्द्र कौर और उनके बेटे गोमित राठी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते करीब दो साल पहले गोमित राठी को इंग्लैंड भेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद मां-बेटे के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ।
बिना बताए इंग्लैंड से लौटा गोमित
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गोमित राठी 18 दिसंबर 2025 को चुपचाप इंग्लैंड से भारत लौट आया था। उसकी इस वापसी की जानकारी केवल उसके दोस्त पंकज पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी श्यामपुर, को थी। पंकज ने गोमित की भारत वापसी को पूरी तरह गोपनीय रखा और किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी।
जांच के मुताबिक 24 दिसंबर की रात गोमित राठी चोरी-छिपे गांव पहुंचा और पशु घर में छिपकर बैठ गया। देर रात मौका पाकर उसने अपनी मां बलजिन्द्र कौर पर हमला किया। पहले चोट मारकर और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को हौदी में फेंकाहत्या के बाद आरोपियों ने शव को पानी की हौदी में फेंक दिया, ताकि मामला हादसा या संदिग्ध मौत का प्रतीत हो। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अपराध शाखा-2 यमुनानगर की टीम ने साक्ष्यों के आधार पर गोमित राठी और उसके साथी पंकज को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया।
डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी और हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी की जाएगी। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

