Faridabad/Alive News : खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में नगर निगम अधिकारियों के साथ मंथन बैठक की। बैठक में उन्होंने निगम आयुक्त धीरेंद्र खडगटा को विकास कार्यों में ढिलाई बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में तिगांव विधानसभा क्षेत्र के सभी निगम पार्षद मौजूद रहे। मंत्री राजेश नागर ने एक-एक कर सभी पार्षदों से उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।मंत्री ने कहा कि सड़क, नाली, सीवर, पेयजल और सफाई जैसे बुनियादी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, क्योंकि ये आमजन की रोजमर्रा की जरूरतें हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को लेकर किसी भी तरह की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
राजेश नागर ने कहा कि यह देखने में आ रहा है कि कुछ विकास कार्यों में जानबूझकर देरी की जा रही है, जो पूरी तरह गलत है। सरकार जनता की सुविधा के लिए विकास कार्य करवा रही है और यदि ये कार्य समय पर जनता को समर्पित नहीं किए गए, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों और अधिकारियों के कार्य देरी से चल रहे हैं, उनकी सूची तैयार की जाए। दोषी पाए जाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए, जबकि लापरवाह अधिकारियों का तबादला या उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
बैठक के बाद मंत्री राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में एक्सईएन स्तर पर हुए तबादलों के कारण भी कुछ विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, कई स्थानों पर ठेकेदारों की कार्य गति भी बेहद धीमी है। हालांकि, निगम आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि सभी विकास कार्यों को अब पूरी मुस्तैदी के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

