Faridabad/Alive News: फरीदाबाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। पिछले 20 दिनों में रेप के तीन मामलों के बाद अब चौथा मामला दर्ज किया गया है। ताजा घटना में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ ऑटो ड्राइवर द्वारा रेप किए जाने का आरोप लगा है।
सेक्टर-58 थाना पुलिस को छायंसा क्षेत्र के अटाली गांव के एक परिवार ने शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार उनकी बेटी एनआईटी-5 स्थित केएल मेहता कॉलेज में पढ़ती है और रोजाना कॉलेज आने-जाने के लिए ऑटो का इस्तेमाल करती थी। इसी दौरान एक ऑटो ड्राइवर ने उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया।
पीड़िता के बयान के अनुसार आरोपी की पहचान साजिद के रूप में हुई है। आरोपी एक दिन छात्रा को बहला-फुसलाकर समयपुर गांव स्थित अपने कमरे पर ले गया, जहां उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन संबंध बनाए गए। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी। छात्रा ने यह भी बताया कि इसके बाद आरोपी ने कई बार उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
घटना से परेशान छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने गुरुवार शाम सेक्टर-58 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रेप समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने लीगल एड काउंसिल के सामने पीड़िता के बयान भी दर्ज कराए हैं।
पुलिस ने आरोपी ऑटो ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

