Faridabad/Alive News: भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आज नेहरू कॉलोनी ब्लॉक एनआईटी 2 में स्थित मस्जिद में बाल विवाह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वहां उपस्थित आमजन को यह शपथ भी दिलाई गई कि वे किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह नहीं करवाएंगे और न ही होने देंगे।
संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी हेमा कौशिक ने जानकारी दी कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के उन्मूलन के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लागू कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से बताया कि बाल विवाह कानूनी एक गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
हेमा कौशिक ने आमजन से अपील की कि यदि किसी मोहल्ले, गांव या क्षेत्र में बाल विवाह होने की सूचना प्राप्त हो, तो उसे समय रहते रोकने का प्रयास करें और इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी स्थिति में निकटतम पुलिस थाना या चौकी से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नागरिक 24 घंटे उपलब्ध पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर भी बाल विवाह की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी हेमा कौशिक ने कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत बाल विवाह एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है, जिसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि कानून के बावजूद सामाजिक जागरूकता की कमी, रूढ़िवादी परंपराएं और सामाजिक दबाव के चलते कुछ क्षेत्रों में अब भी बाल विवाह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।

