March 7, 2026

चाकूबाजी और मारपीट के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक व स्कूटी बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ब्रिटिश एयरवेज के कर्मचारी के साथ मारपीट और चाकू मारने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा DLF की टीम ने की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-31 निवासी सुनील कुमार ने शिकायत दी थी कि 2 और 3 जनवरी की रात वह अपने दोस्त रियान और ऑफिस की गाड़ी के चालक के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में सभी ओल्ड चौक के पास चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक का टायर रियान के पैर पर चढ़ा दिया, जिसको लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों के दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और चारों ने मिलकर सुनील और उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने चाकू निकालकर बीच-बचाव कर रहे ऑफिस की गाड़ी के चालक पर हमला कर दिया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना सेक्टर-17 में केस दर्ज किया गया था।

जांच के बाद अपराध शाखा DLF की टीम ने अरुण, गौरव, सुमित और विपिन, सभी निवासी गांव दौलताबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी भी बरामद की है।

पूछताछ में सामने आया कि बाइक का टायर पैर पर चढ़ने को लेकर विवाद बढ़ा और इसी दौरान आरोपी विपिन ने चाकू से हमला किया। आरोपी विपिन को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।