March 7, 2026

सोनीपत में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, मैरिज पैलेस के कमरे में बेड पर मिला शव

Sonipat/Alive News: हरियाणा के सोनीपत में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव मैरिज पैलेस के एक कमरे में बेड पर मिला। परिवार ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की है। परिजनों का कहना है कि पहले मुंह पर तकिया रखकर दबाया गया और फिर प्राइवेट पार्ट दबाकर जान ली गई। घटना के बाद पत्नी फरार बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अमित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मैरिज पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो साल पहले सोनीपत आया था मृतक
मृतक के भाई मेहर सिंह ने बताया कि उसके भाई रामकिशन (38) करीब दो साल पहले काम के सिलसिले में गोहाना के ककाना भादरी गांव से सोनीपत आया था। रामकिशन के तीन बेटे हैं, जिनकी उम्र 13, 10 और 7 साल है। वह गाड़ी से अलग-अलग दुकानों पर नमकीन सप्लाई करता था।

चार महीने से मैरिज पैलेस में रह रहा था
आशीर्वाद गार्डन को किराए पर चलाने वाले संजय ने बताया कि करीब चार महीने पहले रामकिशन रहने के लिए यहां आया था। बदले में उसे गार्डन की रखवाली का काम दे दिया गया। एक कमरे में बच्चे और उनकी दादी रहती थी, जबकि दूसरे कमरे में रामकिशन और उसकी पत्नी सविता रहते थे। संजय के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। परिवार का आरोप है कि सोमवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई।

परिवार ने पत्नी और उसके मायके पक्ष पर लगाए आरोप
मृतक के भाई मेहर सिंह ने आरोप लगाया कि रामकिशन की हत्या उसकी पत्नी सविता, उसके भाइयों और 85 वर्षीय मां ने मिलकर की है। उनका कहना है कि सविता के अवैध संबंधों को लेकर पहले भी घर में विवाद होता रहा था। सोमवार रात को बेटे के साथ मारपीट के बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।

एसीपी अमित ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को आशीर्वाद गार्डन में शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर परिजनों ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।