Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एक अज्ञात कार ने 10 साल के बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बच्चा अपने पिता के साथ सड़क किनारे गिरे कबाड़ को रिक्शा में डाल रहा था।
सेंट्रल थाना पुलिस के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान हसीन इस्लाम के रूप में हुई है। वह अपने पिता मेहरुद्दीन के साथ रहता था, जो असम का रहने वाला है और पिछले कई सालों से फरीदाबाद के सेक्टर-10 क्षेत्र में झुग्गी में परिवार के साथ रह रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम मेहरुद्दीन रिक्शा लेकर बीपीटीपी इलाके से कबाड़ लेकर लौट रहे थे। जब वे सेक्टर-12 के डिवाइडिंग रोड पर पहुंचे, तो रिक्शा से कुछ कबाड़ सड़क पर गिर गया। हसीन इस्लाम नीचे गिरे कबाड़ को उठाकर रिक्शा में रख रहा था।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

