March 8, 2026

फरीदाबाद में तेज रफ्तार ब्रेजा ने स्विफ्ट को मारी टक्कर, कई लोग घायल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र में मलेरना रोड पर एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने मारुति स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार बेकाबू होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला समेत स्विफ्ट में सवार कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित कुलदीप, निवासी सुभाष कॉलोनी बल्लभगढ़, ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के छाता क्षेत्र में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी मलेरना रोड पर तेज रफ्तार से आ रही ब्रेजा कार ने उनकी स्विफ्ट को सामने से टक्कर मार दी।

कुलदीप ने आरोप लगाया कि ब्रेजा कार में तीन नाबालिग बच्चे सवार थे और वही कार चला रहे थे। हादसे के बाद बच्चे ब्रेजा कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद किसी तरह परिवार के सदस्यों को कार से बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी बहादर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार बच्चों और ब्रेजा कार के मालिक की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।