Delhi/Alive News: हरियाणा की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल मिल गई है। इस पैरोल के साथ राम रहीम 15वीं बार जेल से बाहर आएंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद राम रहीम को सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम ले जाया जाएगा। पैरोल के दौरान उस पर सरकार और प्रशासन द्वारा तय सभी शर्तें लागू रहेंगी। सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।
इससे पहले भी राम रहीम को कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है, जिसको लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद होता रहा है। विपक्षी दल पहले भी पैरोल दिए जाने पर सवाल उठाते रहे हैं।
वहीं सरकार का कहना है कि पैरोल कानून के नियमों के तहत ही दी जाती है। एक बार फिर राम रहीम को पैरोल मिलने से हरियाणा और पंजाब की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

