March 7, 2026

नौकरी छूटने से डिप्रेशन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। नौकरी छूटने के बाद डिप्रेशन में चल रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार और इलाके में शोक की लहर फैल गई।

यह घटना शनिवार शाम करीब 3:30 बजे न्यू टाउन और ओल्ड रेलवे स्टेशन के बीच, न्यू टाउन स्टेशन के पास हुई। मृतक की पहचान विक्रम सिंह (उम्र करीब 35-36 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सेक्टर-10 फरीदाबाद में अपनी मां सुमन के साथ रहता था और अविवाहित था।

सूचना मिलने पर जीआरपी थाना ओल्ड फरीदाबाद की पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक से शव को हटवाकर एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। बाद में बीके अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया है।

जीआरपी पुलिस के एएसआई सूरत पाल ने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है। मौके पर युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। जांच के दौरान मृतक की जैकेट से मोबाइल फोन मिला। उसी समय उसकी मां का फोन आने पर पहचान विक्रम सिंह के रूप में हुई।

मृतक की मां सुमन ने पुलिस को बताया कि विक्रम एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और वर्क फ्रॉम होम करता था। करीब एक महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन में रहने लगा था और भविष्य को लेकर काफी परेशान रहता था।

मां ने बताया कि आत्महत्या से कुछ घंटे पहले उन्होंने बेटे के साथ बैठकर खाना खाया था। उस दौरान वह आत्महत्या से जुड़े विषयों पर बात कर रहा था। उन्होंने उसे समझाया और हिम्मत रखने के लिए कहा। खाना खाने के बाद दोनों अपने-अपने कमरे में चले गए। रात में मां ने कई बार फोन किया, लेकिन विक्रम ने फोन नहीं उठाया। अगले दिन आत्महत्या की सूचना मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण डिप्रेशन माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।