March 7, 2026

सरकारी नौकरियां खत्म कर युवाओं के साथ अन्याय कर रही है सरकार: दुष्यंत चौटाला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं और युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भिवानी में हुई एचटेट परीक्षा में बड़ा घोटाला हुआ है, लेकिन बिना खर्ची-पर्ची की बात करने वाले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मामले पर चुप हैं।

दुष्यंत चौटाला शनिवार को भिवानी में आयोजित जेजेपी के युवा योद्धा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जेजेपी इस पूरे मामले की जांच कर युवाओं के हक की लड़ाई लड़ेगी। जरूरत पड़ी तो पार्टी सड़कों पर आंदोलन करेगी और हाईकोर्ट तक जाएगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में आंदोलन की जरूरत है, क्योंकि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार युवाओं के रोजगार छीन रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की योजना के तहत हरियाणा में ग्रुप-सी और ग्रुप-डी की सरकारी नौकरियों को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि सरकार खुद 100 करोड़ रुपये के धान खरीद घोटाले को मान चुकी है, लेकिन अब तक एक भी मिल की फिजिकल जांच नहीं करवाई गई।

उन्होंने कहा कि नए डीजीपी ने भी माना है कि प्रदेश में 10 हजार अपराधी फरार हैं, जिससे साफ है कि पहले अपराधियों को खुली छूट दी गई थी। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि एचटेट 2024-25 की परीक्षा में बड़ा घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि रिजल्ट रोककर दोबारा तैयार किया गया और करीब 1200 पसंदीदा लोगों को फायदा पहुंचाया गया। दिग्विजय ने सवाल उठाया कि जब तीन लाख अभ्यर्थी थे तो सभी को संदेह का लाभ क्यों नहीं दिया गया और परिणाम बार-बार क्यों बदला गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि रातों-रात रिजल्ट बदला गया और अब परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड को नष्ट किया जा रहा है। निचले अधिकारियों पर दबाव बनाया गया, इसी वजह से कई अधिकारी वीआरएस मांग रहे हैं। दिग्विजय ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और युवाओं को सच्चाई बताई जाए।

इस दौरान कई युवाओं ने भाजपा और कांग्रेस छोड़कर जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। कार्यक्रम में जेजेपी के वरिष्ठ नेता और युवा नेताओं ने भी अपने विचार रखे।