June 13, 2026

रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं: कैबिनेट मंत्री

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इससे न सिर्फ ज़रूरतमंद की जान बचती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।

वे शनिवार को सेक्टर-10 डीएलएफ स्थित टैम्स एंड कंपनी एलएलपी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं एवांटेज के सहयोग से रोटरी क्लब फ़रीदाबाद ईस्ट और मिड टाउन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे थे।

इस रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खास बात यह रही कि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के पुत्र और पुत्री दोनों ने स्वयं रक्तदान किया और समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। उपस्थित लोगों ने उनके इस कदम की सराहना की।

मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जब युवा पीढ़ी ऐसे सेवा कार्यों में आगे आती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। रक्तदान से सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए रोटरी क्लब, सहयोगी संस्थाओं, डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा और प्रेरणा देते हैं।