March 8, 2026

फरीदाबाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, मीट लेने निकला था घर से, सुबह मिला शव

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के गांव बड़ौली में एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक रात को मीट लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव गांव के बाहर पड़ा मिला।

मृतक की पहचान गांव बड़ौली निवासी रिजवान के रूप में हुई है, जो कबाड़ का काम करता था। परिजनों के अनुसार वह गुरुवार रात मीट लेने के लिए घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं आया तो सुबह उसकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान गांव के बाहर उसका शव मिला।

रिजवान के शरीर पर चाकू के कई वार के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मृतक के साथी बलबीर चंदीला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले रिजवान को आखिरी बार उसी के साथ देखा गया था। इसी आधार पर परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।