Faridabad/Alive News: सेक्टर-28 स्थित अपने कार्यालय परिसर से “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स” की दो अत्याधुनिक चिकित्सा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के बिजली मंत्रालय की सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों (पीएसयू) द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय योगदान दिया गया है। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान राज्य मंत्री (MOS) के रूप में सेवा देते हुए फरीदाबाद के मजदूरों एवं गरीब वर्ग के कल्याण के उद्देश्य से एक करोड़ रुपये की राशि सीएसआर के अंतर्गत ईएसआई फरीदाबाद को प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण एवं शहरी जरूरतमंद लोगों तक सुलभ, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि हॉस्पिटल ऑन व्हील्स के माध्यम से उन क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जहां अस्पतालों की पहुंच सीमित है। इन बसों में प्राथमिक उपचार, जांच सुविधाएं तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे, जिससे आम नागरिकों को घर के नजदीक स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। यह हरियाणा का पहला “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स” है, जो पूरी तरह आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। यह मोबाइल मेडिकल वैन एक चलते-फिरते अस्पताल के रूप में कार्य करेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि इस वैन में एयर कंडीशनिंग, जनरेटर, एक्स-रे मशीन, लैब टेस्टिंग की सुविधा, ब्लड टेस्ट, ईएनटी जांच सहित दर्जनों प्रकार की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि
बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, बल्लभगढ़ जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह, सामाजिक संगठनों के सदस्य, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर ईएसआई मेडिकल कॉलेज से डॉक्टर्स, पार्षदगण और गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।

