March 7, 2026

नववर्ष पर फरीदाबाद में रहा शांतिपूर्ण माहौल, पुलिस ने काटे 750 से ज्यादा चालान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नए साल का जश्न शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया। नववर्ष के मौके पर शहर के अलग-अलग इलाकों में कई कार्यक्रम आयोजित हुए, जिन्हें बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, नववर्ष के अवसर पर फरीदाबाद पुलिस के करीब 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे। शहर में 18 जगहों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के नाके लगाए गए। इसके अलावा सीमावर्ती राज्यों और जिलों की सीमाओं पर भी नाकाबंदी की गई।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात मकसूद अहमद खुद फील्ड में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। सभी थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी और अपराध शाखा की टीमें भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहीं।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने लगभग 200 ड्रिंक एंड ड्राइव के चालान काटे, जबकि कुल मिलाकर 750 से अधिक ट्रैफिक चालान किए गए।

फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि वह हमेशा जनता की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी तरह काम करती रहेगी।