March 7, 2026

फरीदाबाद में डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, एक युवक की मौत, तीन दोस्त घायल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नए साल की पार्टी मनाने निकले चार दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। देर रात तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटते हुए सड़क किनारे लगी ग्रिल से जा भिड़ी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे बाटा मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। कार नीलम फ्लाईओवर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और कार पहले लेफ्ट साइड डिवाइडर से टकराई, फिर तीन से चार बार पलटते हुए ग्रिल से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी एयरबैग खुल गए। हादसे में कार सवार चारों युवक घायल हो गए। इनमें से एक युवक ने गंभीर चोटों के चलते कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सारांश (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र का रहने वाला था।

राहगीरों ने बचाई जान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दोस्त को फोन पर मिली हादसे की जानकारी
घायलों के दोस्त चेतन ने बताया कि चारों दोस्त रात करीब 12 बजे तक घर पर ही थे। सुबह करीब 3:30 बजे उसे फोन आया कि उसके दोस्तों का एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंचने पर उसे पता चला कि सारांश की मौत हो चुकी है और बाकी दोस्त घायल हैं।

ओवरस्पीड को बताया जा रहा कारण
सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार लग रहा है। कार काफी स्पीड में थी, जिस वजह से ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।