Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा लड़ाई-झगड़े और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने हत्या के प्रयास के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दिनेश निवासी जीवन नगर, गौछी ने शिकायत दी थी कि 11/12 अक्टूबर की रात वह अपने दोस्त के साथ संजय कॉलोनी से आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में करीब 15 से 20 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट की। इस हमले में दिनेश को गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच करते हुए पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने भोला और विकास शर्मा, दोनों निवासी संजय कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता संजय कॉलोनी में आयोजित जागरण में गया था, जहां उसकी आरोपी भोला से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद जब शिकायतकर्ता वहां से जाने लगा, तो भोला ने अपने भाई विकास और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका पीछा किया और रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

