March 7, 2026

फरीदाबाद में अवैध नशा बेचने के 3 मामलों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 1.150 किलो गांजा बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने अवैध नशा बेचने के तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 1 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रिहाना (43), निवासी जीवन नगर पार्ट-2, गोछी, फरीदाबाद को 250 ग्राम गांजा के साथ गोछी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वहीं, अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने दुरभाषा (26), निवासी आशियाना सेक्टर-58, फरीदाबाद को सेक्टर-56 क्षेत्र से 300 ग्राम गांजा के साथ काबू किया।

इसके अलावा, अपराध शाखा एवीटीएस-1 की टीम ने इकबाल (41), निवासी गांव करनेरा, सेक्टर-58, फरीदाबाद को उसके गांव से ही 600 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में इकबाल ने बताया कि उसने यह गांजा सुशील (42), निवासी गांव करनेरा से 4 हजार रुपये में खरीदा था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने सुशील को भी गिरफ्तार कर लिया।

सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायलय में पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की है।