Rajasthan/Alive News: राजस्थान के टोंक जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने एक कार से करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया है, जिसे यूरिया की बोरियों में छिपाकर रखा गया था।
टोंक के डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि यह विस्फोटक एक मारुति सियाज कार से मिला है। पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट के साथ-साथ 200 विस्फोटक बैटरियां और करीब 1100 मीटर तार भी बरामद किए हैं।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र और सुरेंद्र मोची के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां ले जाया जा रहा था और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

