June 13, 2026

फरीदाबाद में चलती कारों में युवक-युवतियों की खतरनाक स्टंटबाजी, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने काटे चालान


Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में चलती गाड़ियों में युवक-युवतियों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक-युवतियां कभी कार की खिड़कियों पर लटके हुए हैं, तो कभी सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी कर रहे हैं। कुछ लोग कार की छत पर बैठकर भी हंगामा करते नजर आए।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो अमृता अस्पताल से सेक्टर-29 की ओर जाने वाली सड़क का है। करीब 10 से 12 महंगी गाड़ियां एक साथ सड़क पर चल रही थीं, जिससे बाकी वाहन चालकों को आगे निकलने में काफी परेशानी हुई। पीछे चल रहे वाहन चालकों को रास्ता नहीं दिया गया और वे मजबूरन इन्हीं गाड़ियों के पीछे चलने को मजबूर रहे।

वीडियो में कई युवक-युवतियां सड़क पर रील बनाते दिखे। उन्हें न अपनी जान की चिंता थी और न ही सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा की। चौंकाने वाली बात यह रही कि वीडियो में शामिल कुछ युवक-युवतियां नाबालिग भी प्रतीत हो रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। गाड़ियों के नंबरों के आधार पर दो वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5500-5500 रुपये के पोस्टल चालान काटे गए हैं। पुलिस बाकी वाहनों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद ले रही है।

जिला पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि जिन वाहन मालिकों के चालान किए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर थाने बुलाया जाएगा और पूछताछ की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर बढ़ती लापरवाही को भी उजागर करती है।