March 7, 2026

श्री सिद्धदाता आश्रम में भक्तिभाव के साथ होगा नववर्ष 2026 का स्वागत, रंगीन रोशनी से सजा परिसर

Faridabad/Alive News: नववर्ष 2026 के स्वागत और आश्रम के अधिष्ठाता जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर फरीदाबाद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री सिद्धदाता आश्रम (श्री लक्ष्मीनारायण दिव्य धाम) में उत्साह का माहौल है। आश्रम परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। रात के समय आश्रम की सुंदरता देखते ही बनती है और यह श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी 1 जनवरी को आश्रम में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नववर्ष की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ करने के लिए विशेष सत्संग का आयोजन होगा। इस सत्संग में अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज भक्तों को अपने दिव्य प्रवचनों से मार्गदर्शन देंगे।

सत्संग के साथ-साथ आश्रम में भक्ति संगीत, भजन गायन और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु भक्ति और आनंद के माहौल में डूब सकेंगे।

आश्रम प्रबंधन ने बताया कि एक जनवरी को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, सुगम दर्शन, बैठने और प्रसाद वितरण के पूरे इंतजाम किए गए हैं, ताकि हर भक्त को शांतिपूर्ण और दिव्य अनुभव मिल सके।