Faridabad/Alive News: शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के लिए फरीदाबाद व्यापार मंडल ने फरीदाबाद पुलिस का आभार जताया है। बुधवार को फरीदाबाद जिला व्यापार मंडल के प्रधान और सदस्यों सहित करीब 50 लोगों ने पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता से मुलाकात कर उनका धन्यवाद किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, व्यापार मंडल के सदस्य सेक्टर-21सी स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचे और पुलिस आयुक्त को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान व्यापारियों ने फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों पर की जा रही सख्त कार्रवाई और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पुलिस ने 850 से अधिक संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अभिषेक जोरवाल, फरीदाबाद व्यापार मंडल के प्रधान श्रीराम जुनेजा सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

