March 8, 2026

नववर्ष 2026 पर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, हुड़दंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती

Faridabad/Alive News: नववर्ष 2026 के मौके पर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी डीसीपी, एसीपी, थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए हैं ताकि नए साल के जश्न के दौरान शांति और सुरक्षा बनी रहे।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 31 दिसंबर को पूरे जिले में विशेष पुलिस ड्यूटी लगाई गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगबाजी पर रोक लगाने के लिए 1500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सभी डीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अपराध शाखा की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगी। ईआरवी और राइडर टीमें लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा सीमावर्ती राज्य और जिला बॉर्डर पर 9 जगह नाकाबंदी की जाएगी।

प्रत्येक थाना क्षेत्र में दो-दो नाके लगाए जाएंगे। हुड़दंग मचाने, कानून व्यवस्था भंग करने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आबकारी कानून के तहत होटल, शराब के ठेके, रेस्टोरेंट आदि पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर रोक लगाई जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और ड्रिंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई के लिए ट्रैफिक पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट रहेगी। जिले में 18 स्थानों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के नाके लगाए जाएंगे, जहां 100 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मॉल, क्लब और पार्टी स्थलों के आसपास भी ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त यातायात ने 29 दिसंबर को ट्रैफिक कर्मचारियों की बैठक भी ली।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से अपील की है कि वे नया साल शांति और खुशी के साथ मनाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, हुड़दंगबाजी से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है।