Faridabad/Alive News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फरीदाबाद की ओर से गत सोमवार को मंझावली गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा तथा डीसीपी राजकुमार ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान पार्षद रेखा रानी और गांव के सरपंच सूरजपाल भूरा भी मौजूद रहे। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की तरफ से सभी का फूल माला पहनाकर और पगड़ी बांधकर अधिकारियों का स्वागत किया गया।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि गांव की साफ-सफाई रखना हमारे हाथ में है। अपने आसपास परिवेश में गंदगी का आलम न बनने दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीसीपी राजकुमार ने बताया कि गांव में नशे की समस्या को लेकर सर्वे किया गया है। जिसके तहत ग्रामीण स्तर पर एक समिति गठित की गई है, जिसमें स्थानीय लोगों को शामिल किया गया है, ताकि गांव को नशा मुक्त घोषित किया जा सके।
इस अवसर पर एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, डीडीपीओ प्रदीप कुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

