Faridabad/Alive News: कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने नियोक्ताओं और कर्मचारियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया विशेष अभियान ‘SPREE’ अपने समापन की ओर है। 1 जुलाई 2025 से शुरू हुआ यह अभियान इस सप्ताह 31 दिसंबर को समाप्त होने जा रहा है। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।
प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना की समय सीमा समाप्त होने में केवल दो दिन ही बाकी है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय निदेशक सुगन लाल मीणा ने नियोक्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत पंजीकरण कराने के लिए अब केवल दो दिन का समय बाकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 31 दिसंबर पंजीकरण की अंतिम तिथि है और इसके बाद यह विशेष छूट बंद कर दी जाएगी।
मीना ने नियोक्ताओं के हित में सलाह देते हुए कहा, “नियोक्ताओं को शीघ्रता से कार्य करना चाहिए। छूट बंद होने के बाद, पंजीकरण न करने वाले संस्थानों को पूर्व का अशंदान, ब्याज एवं हर्जाने के साथ साथ भारी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, जैसा कि इस अभियान से पहले के प्रावधानों में अनिवार्य था।
इस योजना के तहत हरियाणा राज्य में उत्साहजनक परिणाम देखते हुए नए नियोक्ताओं की कुल संख्या 4,816 है, जिन्होंने स्वयं को ESIC के साथ पंजीकृत किया है। इसमें की 9 लाख से अधिक कर्मचारियों को योजना के दायरे में लाया गया है।
अभियान का उद्देश्य:
‘SPREE’ योजना का मुख्य लक्ष्य सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को ESIC द्वारा प्रदान की जाने वाली चिकित्सा और नकद हितलाभ की सुविधाएं मिल सकें। यह अभियान नियोक्ताओं को बिना किसी बाधा के कानूनी अनुपालन पूरा करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है।
ईएसआईसी प्रशासन ने सभी पात्र नियोक्ताओं से अपील की है कि वे कानूनी जटिलताओं से बचने के लिए शेष बचे दो दिनों में अपना पंजीकरण ESI योजना मे करवाना सुनिश्चित करें।

