Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र के रोशन नगर में विवाहिता की रेप के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले में 8 महीने बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पति पुलिस की पकड़ से बाहर है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम आरोपी अरुण को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि इस मामले में मृतका की सास, ससुर और ननद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गड्ढे से बरामद हुआ था शव
यह मामला 20 जून 2025 को सामने आया, जब पल्ला थाना पुलिस ने रोशन नगर की गली नंबर-1 में एक घर के बाहर बने गड्ढे से महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान 28 वर्षीय तनु के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की रहने वाली थी। तनु की शादी साल 2023 में रोशन नगर निवासी अरुण से हुई थी।
नींद की गोलियां खिलाकर रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि 21 अप्रैल को पति अरुण ने तनु को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी थीं। जब वह बेहोश हो गई, तब उसके ससुर भूप सिंह ने उसके साथ रेप किया और बाद में चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
शव दबाकर फैलाया गया झूठ
हत्या के बाद ससुर और पति ने मिलकर तनु के शव को घर के बाहर सीवरेज के लिए खोदे गए गड्ढे में दबा दिया। इसके बाद परिवार ने तनु के अचानक लापता होने की झूठी कहानी फैलानी शुरू कर दी। मायके पक्ष को शक हुआ, जिस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की। जांच के दौरान पुलिस ने शव बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया।
तीन आरोपी जेल में, पति अब भी फरार
जांच बाद में पल्ला थाना पुलिस से हटाकर क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंप दी गई। पुलिस ने ससुर भूप सिंह, सास सोनिया और ननद काजल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन मुख्य आरोपी पति अरुण अब भी फरार है।
पुलिस का दावा
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीमें लगातार आरोपी पति की तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

