Faridabad/Alive News: हरियाणा पुलिस द्वारा अवैध नशा, अवैध हथियार और संगीन अपराधों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एक देसी कट्टा, 2 किलो 426 ग्राम गांजा और 760 ग्राम चरस बरामद कर कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना की टीम ने शाहिद उर्फ अफरीदी (26), निवासी गांव आली मेव, थाना बहीन, जिला पलवल को ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-58 फरीदाबाद के पास से देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 5 हजार रुपये में पुन्हाना से देसी कट्टा खरीदकर लाया था। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित गुरुग्राम, पलवल, उत्तर प्रदेश और फरीदाबाद में कुल 17 मामले दर्ज हैं। वह एक महीने पहले ही चोरी के एक मामले में भोंडसी जेल से बाहर आया था। पूछताछ के दौरान फरीदाबाद के दो वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।
नशा तस्करी के मामलों में क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 2 किलो 426 ग्राम गांजा बरामद किया। पहले मामले में रामकिशोर उर्फ महेंद्र, निवासी लक्ष्मी नगर, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) को सेक्टर-37 बाईपास रोड से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 1 किलो 226 ग्राम गांजा मिला। दूसरे मामले में राजू शर्मा, निवासी गांव सूरजपुर, जिला गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) को चंदावली चौक के पास नहर पुल से 1 किलो 200 ग्राम गांजा सहित काबू किया गया। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
एक अन्य मामले में अवैध नशा सप्लाई करने वाले आरोपी यादराम शर्मा, निवासी नंगला खोह, भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 760 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी को भी आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने साफ किया है कि अवैध हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।

