June 13, 2026

घर में चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, आईफोन बरामद 

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने घर में घुसकर मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-21A फरीदाबाद निवासी एक महिला ने पुलिस चौकी सेक्टर-21D में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि 5 दिसंबर की सुबह दो अज्ञात युवक उसके घर में घुस आए और चार मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना एनआईटी में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमेश को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव चनोली, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड) का रहने वाला है और फिलहाल खानपुर, दिल्ली में रह रहा था।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी हिमेश अपने एक साथी के साथ घर की खिड़की से अंदर घुसा था और चार मोबाइल फोन व एक डीवीआर चोरी कर ले गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के तीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।