Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने NIT-1 स्थित एक मनी चेंजर ऑफिस से भारतीय और विदेशी मुद्रा चोरी के मामले में एक आरोपी को पुलिस प्रोटेक्शन पर लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मनजीत सिंह निवासी सेक्टर-22A, फरीदाबाद ने शिकायत दी थी कि उनका NIT-1 में “गोविंद ट्रैवल मनी चेंजर” नाम से ऑफिस है। 19 जुलाई को जब वह ऑफिस पहुंचे तो देखा कि शटर टूटा हुआ था और ऑफिस से भारतीय व विदेशी मुद्रा चोरी हो चुकी थी। इस शिकायत पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी सुरजीत, निवासी सजवान नगर, गाजियाबाद और वर्तमान में विजय नगर, गाजियाबाद निवासी को आगरा जेल से पुलिस प्रोटेक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 18 और 19 जुलाई की रात को गाड़ी से NIT-1 स्थित मनी चेंजर ऑफिस पहुंचकर शटर का ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुरजीत के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 6 मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

