Haryana/Alive News: नारनौल में सोमवार देर रात घर के बाहर सो रहे एक युवक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर बोलेरो कैंपर और स्विफ्ट कार में सवार होकर आए और युवक पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना नांगल चौधरी क्षेत्र के नायन की ढाणी चीमा वाली गांव की बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान शीशराम के रूप में हुई है। इस वारदात का करीब एक मिनट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार हमलावर नकाब पहने नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक स्विफ्ट कार और उसके पीछे बोलेरो कैंपर दिखाई दे रही है।
घर के बाहर सो रहा था युवक
पीड़ित के भाई सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20–21 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे शीशराम खाना खाने के बाद घर के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहा था। इसी दौरान पहले एक स्विफ्ट कार आई और थोड़ी आगे जाकर रुकी। इसके तुरंत बाद बोलेरो कैंपर आकर उनके मकान के सामने रुकी।
नकाब पहनकर किया हमला
बोलेरो से चार लोग उतरे, जिनके चेहरे नकाब से ढके हुए थे। उनके हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। गाड़ी से उतरते ही वे दौड़ते हुए आए और सो रहे शीशराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में शीशराम खुद को बचा नहीं सका और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार के बाहर आते ही फरार हुए हमलावर
जब शीशराम की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग बाहर आए तो हमलावर अपनी गाड़ियों की ओर भागे। परिजनों ने उन पर ईंट-पत्थर भी फेंके, लेकिन बदमाश गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए।
घायल को हायर सेंटर रेफर
घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी और शीशराम को सरकारी अस्पताल नांगल चौधरी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए कोटपूतली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दो आरोपियों की पहचान, धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने बताया कि उसने दो हमलावरों की पहचान कर ली है, जिनमें अशोक निवासी ढाणी चीमा वाली और संजू निवासी ढाणी शामिल हैं। बोलेरो कैंपर को सुनील चला रहा था। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने धमकी दी कि दया गुरुजी के जेल से बाहर आने के बाद पूरे परिवार को एक-एक कर खत्म कर देंगे।
दया गैंग से पुरानी रंजिश का आरोप
पीड़ित परिवार ने इस हमले के पीछे दया गैंग का हाथ होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गैंग से पुराना विवाद चल रहा है और पहले भी परिवार के सदस्य पर जानलेवा हमला करने की कोशिश हो चुकी है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

