March 8, 2026

पंचकूला में ‘कौन बनेगा ज्ञानरत्न’ पुस्तक का भव्य लोकार्पण ऐतिहासिक रूप से हुआ संपन्न

Chandigarh/Alive News: श्री राम परिवार जय मां सरस्वती एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा लिखित पुस्तक ‘कौन बनेगा ज्ञानरत्न’ का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह पंचकूला में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। समारोह में समाज में संस्कार, ज्ञान और सकारात्मक सोच के प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।
पुस्तक भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और सद्गुणों पर आधारित है, जो युवाओं को आध्यात्मिक व बौद्धिक मार्गदर्शन प्रदान करती है। वक्ताओं ने इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत और अमूल्य धरोहर बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओम प्रकाश धनखड़ (राष्ट्रीय सचिव, भाजपा) तथा विशिष्ट अतिथि राजेश जून (विधायक, बहादुरगढ़), ज्ञानचंद गुप्ता (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष) और कुलभूषण गोयल (मेयर, पंचकूला) उपस्थित रहे। अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह युवाओं को सही दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।
समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। इसके उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में पुस्तक के सामाजिक उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।
11 लाख रुपये इनामी क्विज प्रतियोगिता की घोषणा
प्रेस वार्ता के दौरान विक्रम देशवाल, श्रीपाल रेढू, पवन कुमार गहल्याण और अंशु राणा ने बताया कि युवाओं को भारतीय संस्कृति और ग्रंथों से जोड़ने के उद्देश्य से 24 एपिसोड की क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम पुरस्कार 11 लाख रुपये रखा गया है। यह प्रतियोगिता पंचकूला से शुरू होकर अन्य स्थानों पर भी आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर विक्रम सिंह देशवाल (फाउंडर डायरेक्टर, डी मीडिया), श्रीपाल रेढू (लेखक), पवन कुमार गहल्याण (सह-लेखक), अंशु राणा (फाउंडर, डी मीडिया) और राजेश कुमार (मुख्य संपादक, समाचार क्यारी मीडिया समूह) सहित देशभर के मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।