Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में जमीन दिलाने का झांसा देकर करीब 28 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। नूंह जिले की जमीन दिखाकर कुछ लोगों ने एक बिल्डर से मोटी रकम ले ली, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए। पीड़ित की शिकायत पर सेंट्रल थाना फरीदाबाद पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-16 फरीदाबाद निवासी वेद प्रकाश बंसल ने पुलिस को बताया कि वह कृषि फार्म हाउस बनाने के लिए जमीन खरीदना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात होडल के गांव लोहिना निवासी धर्मपाल से हुई, जिसका उनके कार्यालय में आना-जाना था।
धर्मपाल ने नूंह जिले की पुन्हाना तहसील के गांव जड़ोली में बड़ी कृषि जमीन बिकाऊ होने की जानकारी दी। 25 जून 2023 को वे धर्मपाल के साथ जमीन देखने गए। जमीन पसंद आने पर धर्मपाल ने सौदा कराने और जल्द रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया।
पीड़ित ने बताया कि वह एक बिल्डर कंपनी में पार्टनर हैं और प्रॉपर्टी का काम करते हैं। 28 जून 2023 को धर्मपाल के साथ पुन्हाना निवासी सपात खान, हथीन के गांव पचनाका निवासी ईसब और तैयब, पलवल के गांव सराय खटेला निवासी जान मोहम्मद और जड़ोली निवासी नियाज मोहम्मद उनके सेक्टर-16 स्थित कार्यालय पहुंचे। सभी ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए कभी भी रजिस्ट्री कराने का दावा किया।
आपसी सहमति से 14.47 एकड़ जमीन का सौदा 18 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से तय हुआ। उसी दिन दो लाख रुपए बयाने के तौर पर दे दिए गए। इसके बाद जुलाई में रजिस्ट्री कराने की बात हुई, लेकिन आरोपी लगातार टालते रहे।
पीड़ित के अनुसार, 25 जुलाई को सेक्टर-12 में इकरारनामा कराया गया और आरोपियों की मांग पर सौदे की कुल रकम का करीब 10 प्रतिशत यानी लगभग 26 लाख रुपए और दे दिए गए। इसके बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही जमीन सौंपी गई।
जब वेद प्रकाश बंसल ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

