Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-2 में बने मिलन रेस्टोरेंट में शनिवार रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई। यह रेस्टोरेंट हरियाणा के पूर्व मंत्री और मौजूदा भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा का बताया जा रहा है। आग लगते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बने किचन में लगी चिमनी मशीन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। किचन में जमी चिकनाई की वजह से आग तेजी से फैल गई और चिमनी के पाइप के रास्ते ऊपर की मंजिल तक पहुंच गई। आग की चपेट में धुआं निकालने वाली मशीन और कुछ किचन का सामान भी आ गया।
आग लगते ही कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बिजली की सप्लाई बंद कर दी और फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। कुछ कर्मचारी ऊपर की मंजिल पर भी पहुंचे और वहां लगी आग को काबू में किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित किया। घटना की जानकारी मिलते ही अग्रसेन चौकी इंचार्ज धर्मपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया है कि यह रेस्टोरेंट ग्राउंड फ्लोर के अलावा दो मंजिलों में बना हुआ है। ग्राउंड फ्लोर पर मिठाइयों और अन्य सामान के काउंटर हैं, साथ ही बैठने की व्यवस्था है। पहले फ्लोर पर भी लोगों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि तीसरे फ्लोर का इस्तेमाल स्टोर के रूप में किया जाता है।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टिपर चंद शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हादसे के समय रेस्टोरेंट में करीब 15 से 20 लोग मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

