Faridabad/Alive News: सरकार की नई वॉटर पॉलिसी के तहत पानी और सीवर कनेक्शनों को वैध कराने एवं नए कनेक्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम फरीदाबाद द्वारा लगातार विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर तथा अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच स्थानों पर विशेष कैंप लगाए गए, जिनमें कुल 241 आवेदन प्राप्त हुए।
नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे इन कैंपों से आमजन को काफी राहत मिल रही है। अब लोगों को निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और एक ही स्थान पर पानी व सीवर कनेक्शन से संबंधित फाइल जमा करवाई जा रही है। कैंप में पहुंचे स्थानीय निवासियों ने इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी हो रही है और निगम कर्मचारी भी पूरा सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
इन कैंपों का आयोजन नागरिकों को पानी एवं सीवर कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं के समाधान और वैधीकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।
आज लगाए गए कैंप बल्लभगढ़ की भाटिया कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, सेक्टर-7 वार्ड कार्यालय, ओल्ड फरीदाबाद के अशोका एनक्लेव, पर्वतीय कॉलोनी बूस्टर तथा मुजेसर गांव के सामुदायिक भवन में आयोजित किए गए। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि इन सभी स्थानों पर कल रविवार भी कैंप लगाए जाएंगे।
कैंपों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपने पानी और सीवर कनेक्शनों को नियमित एवं वैध कराने की प्रक्रिया पूरी की। निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
नगर निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे समय रहते अपने पानी और सीवर कनेक्शन वैध कराएं और नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे इन विशेष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
पानी व सीवर कनेक्शन को वैध कराने के लिए लगातार जारी कैंप, 241 आवेदन प्राप्त

