March 8, 2026

फरीदाबाद में डेढ़ लाख की लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 ने थाना सारन क्षेत्र के अंतर्गत पर्वतीय कॉलोनी मार्केट में हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) और फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

यह लूट 17 दिसंबर की सुबह सोनिया चौक, पर्वतीय कॉलोनी मार्केट में हुई थी। पुलिस लाइन सेक्टर-30 में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि पीड़ित चमन, जो दुकानों में कन्फेक्शनरी सामान सप्लाई करने और पैसे इकट्ठा करने का काम करता है, उस दिन पेमेंट लेने के लिए पर्वतीय कॉलोनी गया था। वह कन्हैया लाल की दुकान से 21,200 रुपये लेकर अपने बैग में रखकर आगे बढ़ा ही था कि गली में खड़े बाइक सवार तीन युवकों में से दो ने हथियार दिखाकर उसका बैग छीन लिया। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये थे। इसके बाद थाना सारन में लूट का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन आरोपियों तारिक मलिक (23), जुबेर (18) और गनी उर्फ अली (23) को 19 दिसंबर को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया। चौथे आरोपी रोहित उर्फ कन्हैया (34), जो दुकानदार है, को फरीदाबाद से काबू किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तारिक और रोहित इस वारदात के मुख्य साजिशकर्ता थे। रोहित ने तारिक को बताया था कि चमन उसकी दुकान पर पेमेंट लेने आता है और उसके पास नकदी रहती है। इसी योजना के तहत तारिक अपने दो साथियों के साथ 16 दिसंबर को फरीदाबाद आया और अगले दिन लूट की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया।