March 8, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक दिन में 3.8 किलो गांजा, स्मैक और 112 बोतल शराब बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हरियाणा पुलिस द्वारा 1 दिसंबर से चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत अवैध नशा तस्करों और शराब कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में फरीदाबाद पुलिस ने 19 दिसंबर को एक दिन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3.870 किलोग्राम गांजा, 4.55 ग्राम स्मैक और 112 बोतल अवैध शराब बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने ओल्ड फरीदाबाद निवासी नगेंद्र मिश्रा (44) को पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र से 2 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, सेक्टर-29 निवासी अखिलेश मिश्रा (29) को दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-31 इलाके से 1.870 किलोग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया।

इसके अलावा क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने एनआईटी -3 निवासी धर्मेंद्र साहू (42) को दशहरा ग्राउंड एनआईटी-3 से 4.55 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सूरजकुंड की टीम ने एक स्कूटी से 60 बोतल देसी और 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। वहीं थाना खेड़ी पुल पुलिस ने पलवल जिले के घोड़ी गांव निवासी कृष्ण, जो वर्तमान में भारत कॉलोनी नहर पर रह रहा था, को 56 पव्वा देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

इसी तरह पुलिस चौकी अग्रसेन की टीम ने रघुवीर कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी कृष्ण कुमार को सेक्टर-64 सी से 12 बोतल अंग्रेजी और 4 पव्वा देसी शराब के साथ पकड़ा। वहीं तिरखा कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी मुकेश को सेक्टर-2 बल्लभगढ़ से 52 पव्वा देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत फरीदाबाद में अवैध नशा, शराब और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।