March 8, 2026

बाटा मेट्रो स्टेशन के पास स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने फोन और पर्स छीनने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-15A अजरौंदा निवासी मोहन सिंह ने शिकायत दी थी कि 13-14 दिसंबर की रात वह ऑफिस से घर लौट रहा था। जब वह बाटा मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा, तो दो युवकों ने उससे छीना झपटी की और उसका मोबाइल फोन व पर्स छीनकर फरार हो गए। इस मामले में थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान देव पटेल, निवासी गांव भगुआ, जिला कैमूर (बिहार), हाल निवासी गांव असावटी, जिला पलवल और मुकेश, निवासी गांव टमौटिया, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रामनगर, सेक्टर-20 बी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बाटा मेट्रो स्टेशन के पास शिकायतकर्ता को रोककर उसका फोन और पर्स छीना था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।