March 8, 2026

फरीदाबाद के होटल में महिला शूटर से दुष्कर्म, सहेली समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक होटल में महिला शूटर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता भिवानी की रहने वाली है और अपनी एक सहेली के साथ शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने फरीदाबाद आई थी।

पीड़िता के अनुसार, प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद दोनों वापस घर जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उसकी सहेली ने अपने एक जानकार से संपर्क किया, ताकि वह उन्हें मेट्रो स्टेशन तक छोड़ सके। आरोप है कि देर रात होने का बहाना बनाकर सहेली का जानकार उन्हें फरीदाबाद में ही रुकने के लिए राजी कर होटल ले गया।

पुलिस के मुताबिक, सहेली के जानकार के साथ उसका एक दोस्त भी वहां पहुंच गया। चारों ने सराय ख्वाजा क्षेत्र के एक होटल में दो कमरे लिए और साथ बैठकर पार्टी की। रात करीब 9 बजे पीड़िता की सहेली अपने जानकार के साथ होटल से बाहर चली गई। इसी दौरान दूसरे कमरे में मौजूद युवक ने महिला शूटर के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपनी सहेली और दोनों युवकों को कमरे में बंद किया और खुद बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत पर उसकी सहेली समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।