March 8, 2026

पृथला की टूटी सड़कों व जलभराव का मुद्दा विधानसभा में उठा

Faridabad/Alive News: पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए। उन्होंने क्षेत्र की टूटी सड़कों, जलभराव, शिक्षा व चिकित्सा सुविधाओं की कमी पर सरकार को घेरा।

विधायक ने निर्माणाधीन सड़कों में घटिया सामग्री लगाने के आरोप लगाते हुए विजिलेंस जांच की मांग की और कहा कि कई सड़कों का काम अब तक शुरू नहीं हुआ, जबकि जिनका निर्माण हुआ है वे 3 से 4 माह में ही उखड़ने लगी हैं। उन्होंने शेष सड़कों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग की मांग की।

तेवतिया ने ग्रामीण क्षेत्र में कच्चे रास्तों की समस्या उठाते हुए गांवों को जोड़ने के लिए पक्की सड़कों के निर्माण की मांग की। साथ ही अलावलपुर गांव में मुख्य सड़क पर वर्षों से भरे गंदे पानी और जोहड़ों के ओवरफ्लो से हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर, मोहना राजकीय महाविद्यालय के अधूरे कार्यों के लिए बजट मंजूरी तथा मोटूका स्थित अटल बिहारी मेडिकल कॉलेज में ओपीडी शुरू करने की मांग रखी। बाद में उन्होंने कृषि मंत्री व लोकनिर्माण मंत्री को लिखित मांग-पत्र सौंपा।

विधायक ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी वह जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से विधानसभा तक उठाते रहेंगे और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।