Faridabad/Alive News: ग्रेप 4 के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम फरीदाबाद लगातार कार्रवाई कर रहा है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर निगम की टीम द्वारा बीती रात विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह ने स्वयं सड़कों पर उतरकर निरीक्षण किया। इस दौरान खुले में तंदूर जलाने और कूड़े में आग लगाने जैसे मामलों में ग्रेप 4 नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 16 लोगों के चालान किए गए। इन पर कुल 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर बायोमास ईंधन, लकड़ी और कोयले से तंदूर जलाए जा रहे थे, जबकि कुछ जगह खुले में कूड़ा जलाया जा रहा था। इससे वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी हो रही थी, जिसे देखते हुए निगम ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई की।
स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे बायोमास ईंधन, लकड़ी और कोयले से तंदूर न जलाएं और खुले में कूड़ा जलाने से बचें। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार में 5 हजार रुपये का चालान किया जाएगा, जबकि दोबारा उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। लगातार नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रदूषण पर नियंत्रण करना और शहर को स्वच्छ व स्वस्थ बनाए रखना है। इसके लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। नगर निगम द्वारा ग्रेप 4 के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

