Faridabad/Alive News: वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी संशोधित जीआरएपी के तहत स्टेज।चार लागू होने के बाद नगर निगम फरीदाबाद ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा की अध्यक्षता में ग्रेप निर्देशों के अनुपालन को लेकर विभागीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने अक्टूबर से 17 दिसंबर तक प्रतिबंधित पॉलीथिन, खुले में कूड़ा डालने, आग जलाने और सी एंड डी वेस्ट से जुड़े मामलों में 2265 चालान किए, जिनसे करीब 27 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। निगम ने स्पष्ट किया कि जुर्माना जमा न कराने पर राशि प्रॉपर्टी टैक्स में जोड़कर वसूल की जाएगी।
निगमायुक्त ने सभी विभागों को ग्रेप स्टेज चार के तहत अपनी जिम्मेदारियों की समीक्षा कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे नियमों का पालन कर वायु प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करें और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में भागीदार बनें।

