Faridabad/Alive News: नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) बैंक एवं बीमा कंपनियां फरीदाबाद की 21वीं छमाही बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन नीलम बाटा रोड स्थित होटल राज मंदिर में केनरा बैंक के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय हिन्दी प्रशिक्षण संस्थान की सहायक निदेशक (भा.) पूनम रहीं। उनका स्वागत नराकास अध्यक्ष राज मंगलम् ने पौधा भेंट कर तथा उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने स्मृति चिन्ह देकर किया। मंच संचालन नराकास सचिव हरकेश्वर कुमार ने किया।
इस अवसर पर इंडियन ओवरसीज बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, सिडबी सहित विभिन्न सदस्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों द्वारा अरावली उद्घोष पत्रिका के अंक 4 का विमोचन किया गया।
मुख्य अतिथि पूनम ने कहा कि नराकास को 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और बैंकों व बीमा कंपनियों में राजभाषा हिन्दी का व्यापक प्रयोग सराहनीय है। उन्होंने ऋण से जुड़े दस्तावेजों एवं ई-मेल में भी हिन्दी के अधिक प्रयोग का आग्रह किया।
नराकास अध्यक्ष राज मंगलम् ने सदस्य कार्यालयों की प्रगति रिपोर्ट की संक्षिप्त समीक्षा करते हुए आगामी महीनों में हिन्दी प्रतियोगिताओं के आयोजन की जानकारी दी। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2024-25 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

