Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 17 दिसंबर 2025 को फरीदाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FCCI) की गर्वनिंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, आईपीएस, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजेश दुग्गल ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि डायल-112 पर आने वाली कॉल पर पुलिस औसतन 6 मिनट 32 सेकेंड में मौके पर पहुंचती है। पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जिससे महिला अपराधों में पिछले साल की तुलना में 5 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।
उन्होंने उद्योग और फैक्टरी मालिकों से अपील की कि वे अपने यहां काम करने वाले बाहरी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। साइबर अपराधों को लेकर उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 1450 से अधिक साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 23.5 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
यातायात व्यवस्था पर बात करते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस लगातार काम कर रही है और कोहरे को देखते हुए एडवाइजरी भी जारी की गई है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-4 के तहत सभी वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है। जिले में ग्रैप-4 के तहत ट्रैफिक पुलिस के 5 नाके लगाए गए हैं, जहां सघन वाहन जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की वेरिफिकेशन कराना जरूरी है। फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम चला रही है और नशे के आदी लोगों की डॉक्टरों से काउंसलिंग भी कराई जा रही है।
इस मौके पर हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड फरीदाबाद के संदीप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, FCCI अध्यक्ष एच.के. बत्रा, महासचिव रोहित रुंगटा, इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट टी.सी. धवन, संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष एम.पी. रुंगटा सहित FCCI के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

