Faridabad/Alive News: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण का बुरा असर अब लोगों की आंखों पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, खुजली और चुभन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी और निजी दोनों तरह के अस्पतालों की ओपीडी में आंखों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई मरीजों को दवा लेने के बाद भी आंखों की जलन और चुभन से पूरी राहत नहीं मिल पा रही है। नेत्र विशेषज्ञ मरीजों को प्रदूषण से बचाव के लिए बार-बार साफ पानी से आंखें धोने और बाहर निकलते समय सनग्लास पहनने की सलाह दे रहे हैं।
इस विषय पर हमारे संवाददाता ने संगम विहार (साउथ दिल्ली) स्थित कुंज आई हॉस्पिटल में कार्यरत नेत्र विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा से बातचीत की और उन्होंने बताया कि इस समय अस्पताल में आने वाले कुल मरीजों में से करीब 40 प्रतिशत मरीज आंखों से जुड़ी समस्याओं को लेकर आ रहे हैं। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, खुजली, लालिमा और पानी आने की शिकायत आम हो गई है। खासकर सुबह और शाम के समय यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है।
डॉ. शर्मा के अनुसार हवा में मौजूद प्रदूषण के कण आंखों की सतह को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे एलर्जी और ड्राई आई की समस्या हो रही है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग आंखों में जलन और चुभन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
घर पर ऐसे रखें आंखों का ध्यान
डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आंखों में जलन या खुजली होने पर आंखों को ठंडे पानी से साफ रखें, शाम के समय गुनगुने पानी से हल्की सफाई करें और आंखों को बार-बार रगड़ने से बचें।
उन्होंने यह भी बताया कि अगर समस्या ज्यादा गंभीर न हो, तो ल्यूब्रिकेटिंग आई ड्रॉप का इस्तेमाल किया जा सकता है। ये ड्रॉप दिन में चार बार डाली जा सकती हैं, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का अधिक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। समस्या बढ़ने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना जरूरी है।
कुल मिलाकर, दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता प्रदूषण अब आंखों की सेहत के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। समय रहते सावधानी और सही इलाज अपनाकर ही आंखों को सुरक्षित रखा जा सकता है।

