Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-20A स्थित फ्रेंड कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक मकान के बेसमेंट में आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसमें कमरे में रखा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अलमारी में रखी करीब 10 लाख रुपये नकद भी आग की चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई।
मकान मालिक गोविंद ने बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे काम पर चले गए थे। उस समय घर में उनकी पत्नी, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। करीब एक घंटे बाद सुबह 7:30 बजे बच्चों ने फोन कर बताया कि बेसमेंट से तेज धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही गोविंद तुरंत घर लौटे, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी।
आग लगते ही गोविंद की पत्नी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 15 से 20 मिनट में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कमरे में रखा लकड़ी का बेड, कुर्सियां, कपड़े और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जल चुका था।
गोविंद ने बताया कि अलमारी में रखे 10 लाख रुपये उन्होंने नया मकान खरीदने के लिए जमा किए थे। मौजूदा घर काफी पुराना होने के कारण उन्होंने ओल्ड फरीदाबाद की बेसमेंट कॉलोनी में नया घर खरीदने का सौदा किया था। इसके लिए उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर यह रकम इकट्ठा की थी।
फायर ब्रिगेड अधिकारी सुखबीर यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

