Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में दिल्ली–मथुरा हाईवे पर बुधवार रात एक बड़ा हादसा हुआ। बल्लभगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क के बीच पलट गई। हादसा इतना तेज था कि कार के चारों टायर ऊपर की ओर हो गए और इंजन ऑयल सड़क पर फैल गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार में दो से तीन लोग सवार थे। टक्कर के बाद कार चला रहे व्यक्ति को चोटें आईं। उसके साथ मौजूद लोग उसे तुरंत कार से बाहर निकालकर कहीं ले गए और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि कार पलटी हुई हालत में पड़ी थी और आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। इसके बाद क्रेन की मदद से कार को सीधा कर हाईवे से हटाया गया, जिससे यातायात फिर से सामान्य हो सका।
जांच के दौरान कार के अंदर से बीयर और शराब की बोतलें व गिलास मिले हैं। इससे ड्रिंक एंड ड्राइव की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार का रजिस्ट्रेशन नंबर फरीदाबाद का है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार में सवार लोग कहां गए और उनकी हालत क्या है।

