June 13, 2026

रोजगार का कानूनी अधिकार कमजोर कर रही है बीजेपी सरकार : बलजीत कौशिक

Faridabad/Alive News: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सेक्टर-9 स्थित कार्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए बलजीत कौशिक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा लाया गया “विकसित भारत जी-राम जी” विधेयक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान है। उन्होंने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना अस्वीकार्य है और कांग्रेस पार्टी इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विधेयक को तुरंत वापस लेने की मांग की।

कौशिक ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण गरीबों को रोजगार का कानूनी अधिकार दिया गया था, जबकि मौजूदा सरकार उस अधिकार को कमजोर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले राज्यों को 90 प्रतिशत अनुदान मिलता था, जो अब घटकर 60 प्रतिशत रह जाएगा, जिससे राज्यों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और गरीब मजदूरों के अधिकारों का हनन होगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि यह विधेयक वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर संसद तक मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी।

इस अवसर पर जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष मास्टर ऋषिपाल, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।